Independence Day Advertisement
देश

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में वायुसेना के काफिले पर आतंकी हमला, एक जवान शहीद; पांच घायल…

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार को आतंकवादियों ने भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक वाहन सहित सुरक्षाबलों के काफिले पर गोलीबारी की।

इस हमले में एक जवान शहीद हो गया और पांच घायल है। अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला शाम को शशिधर के पास हुआ जब सुरक्षाबलों के वाहन जिले के सुरनकोट इलाके में सनाई टॉप की ओर बढ़ रहे थे।

घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि सेना और पुलिस के अतिरिक्त जवानों को इलाके में भेजा गया है और आतंकवादियों का पता लगाने तथा उन्हें मार गिराने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया गया है।

सूत्रों ने कहा कि बंदूकधारी आतंकवादियों ने सरकारी स्कूल के पास एमईएस और आईएएफ वाहन पर गोलीबारी की, जिसके बाद सुरक्षा बलों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

अनंतनाग-राजौरी-पुंछ लोकसभा क्षेत्र में गोलीबारी हुई है, जहां चुनाव आयोग द्वारा मतदान पुनर्निर्धारित किया गया है। अब 25 मई को मतदान होगा।

अनंतनाग में वाहन के खाई में गिरने से सेना के एक जवान की मौत, आठ घायल

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में शनिवार को एक वाहन के सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से उसमें सवार सेना के एक जवान की मौत हो गई जबकि आठ अन्य जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के वेरिनाग इलाके में हुआ। इस हादसे में सेना के नौ जवान घायल हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि नौ घायलों में से एक जवान की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया।

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ कर वहां से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं।

बांदीपोरा पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में बताया, ”भारतीय सेना-13 आरआर, बांदीपोरा पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की तीसरी बटालियन द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान उत्तरी कश्मीर जिले के चंगाली जंगल अरगाम में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ हुआ है।”

पुलिस ने बताया कि आतंकी ठिकाने से एके सीरीज की एक राइफल, चार मैगजीन सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कानून की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button